निर्माण और मरम्मत के लिए जिला योजना से मिली 5.89 लाख की धनराशि
नई टिहरी। जिला योजना से टिहरी के विभिन्न ब्लाॅकों में जर्जर हो चुके सात प्राथमिक और दो उच्च प्राथमिक विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण सहित मरम्मत कार्य किए जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग को जिला योजना से 5.89 लाख की धनराशि मिली है।
जिले में कई विद्यालय भवनों की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी होने से छात्र-छात्राओं का पठन पाठन प्रभावित होता है। जर्जर हो चुके इन विद्यालयों में सबसे अधिक परेशानी बारिश के समय में होती है, जब विद्यालयों के छातों से पानी रिसाव कमरों तक पहुंच जाता है। धनराशि मिलने के बाद बदहाल इन 9 विद्यालय को नये भवन मिलने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोग लंबे समय विद्यालय भवनों के पुर्ननिर्माण की मांग कर रहे थे। इसी धनराशि से जाखणीधार के प्राथमिक विद्यालय खांदी,मंडबागी, जौनपुर का कुदाऊं, कीर्तिनगर का जिवालाखाल, नरेंद्रनगर का कखूर और थौलधार के भेंटी और खांड कुल सात विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाना शामिल है। साथ ही 57 विद्यालयों के भवनों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा।
इसके अलावा 10 विद्यालयों में सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शामिल है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना कि विद्यालय भवन के पुर्ननिर्माण की सूची के साथ अन्य निर्माण कार्यों हेतु गत 8 जून को ग्रामीण निर्माण विभाग टिहरी को जिला योजना से मिली धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
इन विद्यालयों के नए भवन बनेंगे-
भिलंगना ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय महड़ और पाख, जाखणीधार के तुनियार और सोनधार, कीर्तिनगर का कोटी-ढुंडसिरा उच्च प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय सिरोला, जखंड, प्रतापनगर का डोडक-थापला, थौलधार का टूटईचैक शामिल है।
जिन विद्यालयों के नए भवनों निर्माण होना है, निर्माण कार्य से पूर्व विभागीय इंजीनियर विद्यालयों का मौका मुआयना कर रहे हैं। निरीक्षण के आधार पर विद्यालयों का प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। विद्यालयों की ध्वस्तीकरण की अनुमति मिलने के बाद नये भवनों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विशाल चौहान, ईई ग्रामीण निर्माण विभाग टिहरी।