प्रतापनगर के रावतगांव में क्रिकेट टूर्नामेंट में की विजेता टीम ट्राफी के साथ।
- फोटो : NEW TEHRI
प्रतापनगर के रौणद रमोली के रावत गांव में आयोजित नागराजा क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में बुडकोट की टीम विजेता और रावत गांव उप विजेता रहा। दूसरी ओर रौणिया गांव में चल रहे घंडियाल देवता क्रिकेट टूर्नामेंट में रोशन क्लब विजेता और डोडग थापला उप विजेता रहा।
रावत गांव के मराडा खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुडकोट और रावत गांव के बीच खेला गया। बुडकोट की टीम ने टॉस जीतकर पहली बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 125 रन बनाए। जबावी पारी में रावत गांव की टीम पूरे 12 ओवर खेलने के बाद भी 104 रन पर सिमट गई। बुडकोट 21 रन से विजेता बना। जयदीप कंडियाल मैन आफ द मैच और अरविंद राणा मैन आफ द सिरीज रहे। प्रधान लक्ष्मण रमोला ने विजेता टीम को 21 हजार नकद, ट्राफी, बुडकोट के प्रधान भागेश कंडियाल ने उप विजेता टीम को 11 हजार नकद और ट्राफी भेंट की।
वहीं, रौणिया गांव में भी आयोजित घंडियाल देवता क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हुआ। मैच का फाइनल मुकाबला रोशन क्लब लंबगांव और डोडग थापला के बीच हुआ। रोशन क्लब ने पहली बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 154 रन बनाए। जबाव में उतरी डोडग थापला की टीम 90 रन बनाकर आल आउट हो गई। रोशन क्लब 64 रन से विजेता बना। पूर्व जिला पंचायत सदस्य उदय रावत ने विजेता टीम को 51 हजार नकद, ट्राफी और उप विजेता टीम को 21 हजार नकद, ट्राफी भेंट की। इस मौके पर प्रधान रमेश रांगड़, अर्जुन रमोला, समीर रमोला, प्रवीण रमोला, पृथ्वीराज रांगड, राजपाल पंवार, राकेश थलवाल आदि मौजूद रहे।