स्थानीय बाजार में बिकेगा चंबा में निर्मित बंद बोतल मिनरल वॉटर
नई टिहरी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी चंबा ब्लॉक के कोट गांव की महिलाओं ने बोतल बंद मिनरल वाटर पैकेजिंग का व्यवसाय शुरू कर दिया है। कोट गांव की सोमगिरी महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने गांव के लालसी चेक में एनआरएलएम के सहयोग से वाटर फिल्टर प्लांट लगाया है। प्लांट में 200 एमएल, 500 एमएल और एक लीटर की सील बंद पैकिंग शुरू कर दी गई है। बीडीओ ने बताया कि वाटर प्लांट की लागत करीब 10 लाख रुपये आई है। इसकी क्षमता फिलहाल पांच हजार लीटर है। प्लांट की क्षमता एक मिनट में 10 बोतल तैयार करने की है। यह प्लांट पांच महिलाओं ने तैयार किया है। भविष्य में इससे करीब 50-60 महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। प्लांट लगाने के लिए महिला समूह ने कुछ पैसे जमा कर एनआरएलएम के सहयोग से बैंक में सीसीएल बनाकर ऋण लिया है। ग्राम विकास अधिकारी सुनील कलेठा और कुलदीप पंवार ने बताया गया कि आरओ प्लांट का बंद बोतल पानी बाजार और एनआरएलएम के अन्य समूह के आउटलेट से भी विक्रय किया जाएगा।
इनका क्या है कहना
कोट गांव की महिला समूह ने लालसी चेक में आरओ प्लांट लगाकर बंद बोतल मिनरल वाटर की पैकेजिंग शुरू कर दी है। एनआरएलएम के माध्यम से उन्होंने बैंक में लिमिट बनाकर स्वरोजगार शुरू किया है। समूह ने प्लांनिग से कार्य किया तो जल्द उन्हें बाजार से अच्छी डिमांड मिलने लगेगी।
शाकिर हुसैन, बीडीओ चंबा।