नई टिहरी। गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीराल ने बीएलओ और विभिन्न राजनैतिक दलों प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बताया कि फोटोयुक्त निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 28 नवंबर से 1 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर निर्वाचन नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य करने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल क्वीराल ने निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण हेतु सुझाव मांगे। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा। कहा कि निजी स्वार्थों के चलते मतदाता सूची में फर्जी नाम न जोड़े जाएं।
बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन प्रक्रिया से संबंधित विवरण अपनी डायरी में नोट करने कहा। कहा कि मतदान कम होने का एक कारण यह भी होता है, कि किसी व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद उसका नाम निर्वाचन नामावली से नहीं हटाया जाता है।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, भाजपा जिला महामंत्री उदय सिंह रावत, बसपा के सुशील पांडेय, जिला महामंत्री उदय सिंह रावत, मान सिंह रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सेमवाल, जयेंद्र पंवार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी आदि मौजूद थे।