भिलंगना ब्लॉक के कोटी-फैगुल के श्री गुरु माणिकनाथ उत्सव मूर्ति ज्येष्ठ यात्रा और विशाल मैती भेंट मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने गुरु माणिक नाथ गुफा में मूर्ति दर्शन कर खुशहाली की कामना की। उन्होंने मेले में खरीदारी की। पुजारी दयाल सिंह भंडारी ने लोगों को माणिक नाथ का प्रसाद वितरण किया।
शनिवार को मगरौं में आयोजित गुरु माणिकनाथ मेले का घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गुरु माणिक नाथ गुफा का हर वर्ष 28 मई को लोग दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने विधायक निधि से मंदिर के लिए निर्मित रेलिंग कार्य का लोकार्पण किया। विधायक ने मंदिर प्रांगण में मैदान और टिनशेड निर्माण की घोषणा की। महा मंगलेश्वर मंदिर समिति के सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि श्री गुरु माणिक नाथ शिवलिंग के आकार के रूप में पूजे जाते हैं। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, जयवीर रावत, लखपत सिंह भंडारी, हिकमत नेगी, डा. वीर सिंह रावत, गौतम नेगी, वीरेंद्र नेगी, राकेश भट्ट, जय सिंह नेगी, रूप सिंह, हीरा सिंह, किशन सिंह, पार्वती देवी आदि मौजूद थे।