कांग्रेस ने भिलंगना ब्लॉक में लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाल कर भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और निवर्तमान सीएम हरीश रावत की ओर से प्रदेश में भाजपा के खिलाफ शुरू की गई लोकतंत्र बचाओ यात्रा घनसाली विधानसभा में स्व. इंद्रमणी बडोनी के गांव अखोड़ी और पूर्व सांसद त्रेपन सिह नेगी के गांव दल्ला से शुरू की गई।
चमियाला, बेलेश्वर और घनसाली में सभा करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख धनीलाल शाह ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की लोकतांत्रिक सरकार गिराकर प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला और नरेंद्र डंगवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा कर लोकतंत्र का गला घोंटा है।
इस मौके पर बालगंगा ब्लॉक अध्यक्ष सूर्य प्रकाश रतूड़ी, बलबीर नेगी, आनंद व्यास, प्रशांत जोशी, पूरब सिंह, गोविंद सिंह, लक्ष्मण सिंह, अरुणोदय नेगी, सरिता नेगी, हिम्मत सिंह, हिमांशु सेमवाल, भजन सिंह, सोहन लाल, कर्ण सिंह, धर्म सिंह आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर, धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के नैनबाग में कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश सरकार को गिराकर लोकतंत्र की हत्या की है। इस मौके पर कुंवर सिंह चौहान, अतोल गुसाईं, जनानंद बिजल्वाण, विनोद पंवार आदि मौजूद थे।