नैनबाग (टिहरी)। 31वें अगलाड़ घाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति कैंपटी की ओर से आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत जौनसार के लोक गायक नाटी किंग धर्मेंद्र परमार और मनोज सागर के जौनसारी और हिमाचली गीतों की प्रस्तुति पर दर्शक जमकर थिरके। खेल प्रतियोगिता के कबड्डी मैच में भेडियान की टीम विजेता, महासू वारियस क्लब उप विजेता रहा। वॉलीबाल में बंगलों की कांडी विजेता और तलोगी गांव की टीम उप विजेता बनी।
कैंपटी में अगलाड़ा घाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास की ओर से तीन दिवसीय खेलकूद और सांस्कृतिक समारोह में मंगलवार की सांस्कृतिक संध्या पर क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राओं ने जौनपुरी, गढ़वाली, जौनसारी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। जौनसार के नाटी किंग धर्मेंद्र ने महासू वंदना, जौनसारी लोक गायक मनोज ने जौनसारी गीतों की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
विद्यालयों की सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर कैंपटी प्रथम, हिमालय इंटरनेशनल स्कूल कैंपटी दूसरे और राजकीय इंटर कॉलेज कैंपटी की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता हुकम सिंह रावत, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने सांस्कृतिक संध्या, मसूरी व्यापार मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, एसपी चमोली ने खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष विरेंद्र पंवार, जिला पंचायत सदस्य कविता रौछेला, ग्राम प्रधान बिजेंद्र पंवार, अनिल पंवार, रोहित अरोड़ा, महेंद्र सिंह राजोरिया, व्यापार मंडलाध्यक्ष प्रेम सिंह पंवार, सुंदर सिंह रावत मौजूद थे।