नई टिहरी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सकलाना पट्टी के मंजगांव बाजार में छापे मारे। इस दौरान टीम ने कुछ दिनों से एक्सपायरी डेट के बेसन, बिस्कुट, वनस्पति तेल के 83 पैकेट बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ बेचने पर तीन दुकानदारों को नोटिस थमाया गया। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू न बेचने का बोर्ड दुकान के बाहर चस्पा न होने पर एक दुकानदार का चालान किया। टीम ने दूध, वनस्पति तेल, मिर्च पाउडर और अमूल-कूल का सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजा है।
जौनपुर ब्लॉक के सकलाना पट्टी के ग्रामीण बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग को बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ बेचने की शिकायत मिली थी। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने मंजगांव बाजार की दुकानों पर छापे मारे। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों से दूध, वनस्पति तेल, मिर्च पाउडर और अमूल-कूल का सैंपल भजकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। बताया अधिकांश दुकानदारों के पास क्रय की गई खाद्य सामग्री के पक्के बिल नहीं मिले। एक दुकान पर 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू न बेचने का बोर्ड चस्पा नहीं मिला। दुकानदार चालान किया गया।