डीएम और पालिकाध्यक्ष ने हवन पूजन कर नगर के लिए मांगी सुख-समृद्धि
नई टिहरी। जिला मुख्यालय स्थित पौराणिक सूरी देवी मंदिर का तीन लाख से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धार्मिक स्थल का संरक्षण किए जाने पर स्थानीय लोगों ने डीएम मयूर दीक्षित का आभार जताया है।
बीस सूत्री कार्यक्रम के जिला उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल ने बताया जिला मुख्यालय नई टिहरी की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित सूरी देवी का पौराणिक मंदिर है। मंदिर में प्रत्येक वर्ष चार गते बैसाख भव्य मेले का आयोजन होता है। बताया टिहरी बांध बनने से पहले सूरी देवी मंदिर के मेले में कुलणा, मोलधार, बौराड़ी, बुडोगी सहित आसपास के ग्रामीण पहुंचते थे। बांध बनने से स्थानीय ग्रामीणों का देहरादून में विस्थापन हो गया। अब स्थानीय लोग ही मेले में प्रतिभाग करते हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य करने के साथ संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। बीसूका उपाध्यक्ष डोभाल ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग पुनर्वास अवस्थापना खंड नई टिहरी तीन लाख की धनराशि से मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य करेगा। डीएम, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत ने हवन में आहुति डालकर नई टिहरी शहर के लिए सुख-समृद्धि मांगी।
इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के जिला मंत्री कर्म सिंह तोपवाल, सभासद विजय कठैत, मानवेंद्र रावत, ईई पुनर्वास अनूप डियूड़ी, शक्ति चमोली,मनोज चमोली, दीपक नेगी, पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, देवेंद्र बेलवाल, उम्मेद पंवार, कांति उनियाल आदि मौजूद थे।