नरेंद्रनगर में शनिवार से बालमित्र थाना विधिवत अस्तित्व में आ गया है। एसएसपी तृप्ति भट्ट ने रिबन काटकर बालमित्र थाने का शुभारंभ किया। कहा बच्चों को अपराध से दूर रखने में बालमित्र थाना अहम भूमिका निभाएगा।
जिलेभर के बाल अपराधियों को इसी बालमित्र थाना में रखा जाएगा। यहां उनके साथ घर जैसा व्यवहार होगा, ताकि वे अपराध की दुनिया में जाने से बचें। आज के दौर में बहुत छोटी अवस्था में बच्चे अनजाने में अपराध के शिकार हो जाते हैं। उन्हें नहीं पता होता कि वह जो अपराध कर रहे हैं, उसके दंड का स्वरूप क्या होगा। ऐसे ही बच्चों के लिए प्रत्येक जनपद में बालमित्र थाना स्थापित किए जा रहे हैं। थाने में आने वाले बच्चों को बहुत ही ज्यदा सौहार्द माहौल मिलेगा। बिना किसी भय के बच्चों की काउंसिलिंग भी की जाएगी। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र चमोली, थानाध्यक्ष प्रदीप पंत, एसएसआई हिमानी पंवार, भंवर सिंह व शांति प्रसाद डिमरी आदि उपस्थित रहे।