राजीव गांधी नवोदय विद्यालय जाजल में भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य अनियमितताओं के मामले में प्रशासन हरकत में आ गया है। जांच में पाया गया है कि भोजन में दिया गया चावल गुणवत्ताविहीन था।
विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू के आधार पर खाना नहीं दिए जाने पर बुधवार को छात्रों ने हंगामा काटकर भोजन करने से इंकार कर दिया था। डीएम ने एसडीएम नरेंद्रनगर को मामले की जांच सौंपी थी। एसडीएम ने तहसीलदार को मौके पर भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। रिपोर्ट में एसडीएम ने पाया कि बच्चाें को भोजन में दिए गए चावल की गुणवत्ता ठीक नहीं थी। विद्यालय में कमरों की कमी के कारण बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानाचार्य के पास एक अन्य विद्यालय का अतिरिक्त चार्ज होने से विद्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
दो जर्जर कमरों में चल रही कैंटीन
नवोदय विद्यालय जाजल की कैंटीन भी ठीक नहीं है। कैंटीन के कमरे जीर्णशीर्ण हो चुके हैं। कैंटीन के अंदर छात्रों के लिए बैठने की जगह न होने के कारण बच्चों को खुले में ही भोजन करना पड़ता है।
इस संबंध में एसडीएम नरेंद्रनगर कृष्ण कुमार मिश्र ने कहा कि नवोदय विद्यालय जाजल में समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली गयी है। इसे जल्द ही डीएम को भेज दिया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कैंटीन संचालक के लंबित बिलों के भुगतान के लिए प्रधानाचार्य को कहा गया है।