बैंकों के एटीएम में नकदी डालने के बजाय 30 लाख की धनराशि उड़ा ले जाने वाले एसआईएस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के आरोपी कर्मी को पुुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे चार दिन की रिमांड पर ले लिया है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ दिल्ली ले गई है।
10 जनवरी को बौराड़ी व घनसाली में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नई टिहरी में ओबीसी बैंक और महाराष्ट्रा बैंक के एटीएम से कैश गायब होने का मामला सामने आया था। इसकी जांच की गई तो बैंकों के एटीएम में कैश डालने वाली एसआईएस कंपनी के कर्मचारियों की मिली भगत सामने आई। जांच में चारों बैंकों के एटीएम से 29 लाख 97 हजार आठ सौ रुपये गायब मिले। एटीएम से कैश गायब मिलने पर कंपनी के एटीएम प्रभारी अनिल बिष्ट की ओर से कंपनी कर्मचारी जावेद अहमद पुत्र मो. समीम निवासी 9बी बौराड़ी और अमित तोपवाल पुत्र नरेंद्र सिंह तोपवाल निवासी मोलधार नई टिहरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपी जावेद तब से फरार चल रहा था। एसपी ने मामले की जांच चंबा थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान को सौंपी गई थी। बुधवार शाम को पुलिस ने आरोपी जावेद को चंबा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर ले लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने गबन की गई धनराशि दिल्ली में अपने दोस्तों के पास दी है। रिमांड पर लेने के बाद पुलिस आरोपी को बृहस्पतिवार दिल्ली ले गई है। एसपी बीजे सिंह ने आरोपी जावेद के गिरफ्तार होने की पुष्टि की है।