नई टिहरी। लंबे इंतजार के बाद थौलधार ब्लॉक के मैंडखाल और प्रतापनगर के माजफ में नए राजकीय पशु चिकित्सालय भवन निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को पशु चिकित्सालयों का भवन निर्माण करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मार्च 2027 तक दोनों स्थानों पर कार्यदायी संस्था को पशु चिकित्सा भवन निर्माण पूरा कर विभाग को हैंडओवर करना है। नए भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं का संचालन बेहतर होने की उम्मीद है। पशुओं के उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं के संचालन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई विशाल चौहान ने बताया कि मैंडखाल में 51 लाख रुपये और माजफ में 45.50 लाख रुपये की लागत से नए पशु चिकित्सा भवन बनाने को वित्तीय स्वीकृति मिली है। टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी कर आगामी अगस्त माह से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद