मई अंत से शुरू होगा काम, गड्ढों से निजात मिलने की आस
नई टिहरी। लंबे इंतजार के बाद खस्ताहाल स्यांयू-भैंगा-चौंधार मोटर मार्ग पर पैचवर्क कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई। लोनिवि उक्त सड़क पर एक से लेकर 10 किमी तक पैचवर्क कार्य करेगा। 10 लाख से सड़क पर मरम्मत कार्य किया जाना है। पैचवर्क कार्य होने से स्थानीय लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
स्यांयू-भैंगा-चौंधार सड़क प्रतापनगर ब्लॉक के दर्जनों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पिछले दो सालों से यह सड़क जर्जर बनी है। डामरीकरण उखड़ जाने से जगह-जगह गड्ढे बने हुए है। कुछ जगहों पर सड़क की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त है जिससे लोगों को जोखिमभरा सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा था।
स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग करते आ रहे थे। पैचवर्क करने के लिए लोनिवि के अधिकारियों पर दबाव बनाए थे। अब जाकर स्यांयू-भैंगा-चौंधार मोटर मार्ग पर किमी एक से लेेकर 10 के बीच पेचवर्क करने की स्वीकृति मिल गई है। लोनिवि के ईई योगेश कुमार ने बताया कि उक्त सड़क पर पेचवर्क कार्य करने के लिए 10 लाख की स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर मई अंतिम सप्ताह में कार्य शुरू किया जाएगा।