संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। टिहरी जिले के गाजणा के अंशुल सजवाण ने पांच हजार मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता जीत कर गांव पहुंचे युवक का ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। 13 से 15 अक्तूबर तक जम्मू-कश्मीर में संपन्न हुई 34 वीं नार्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर सफलता हासिल की है।
जम्मू विश्वविद्यालय खेल मैदान में संपन्न हुई नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड की टीम से चंबा ब्लॉक के गाजणा गांव निवासी धावक अंशुल सजवाण ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अंडर-18 वर्ग की 5 हजार मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल हासिल किया। बृहस्पतिवार को गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
अंशुल ने बताया कि पहली बार सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक पर उक्त प्रतियोगिता संपन्न हुई। कांग्रेस के पूर्व पालिकाध्यक्ष सूरज राणा ने बताया कि अंशुल की पढ़ाई चंबा में ही हुई है। अंशुल के गांव पहुंचने पर उनके दादा लाल सिंह सजवाण, दादी अमला देवी, माता श्वेता सजवाण, चाचा जितेंद्र सजवाण, स्वाति सजवाण, पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, साब सिंह सजवाण, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी, रजनी भट्ट, हरि मखलोगा, शूरवीर पुंडीर, विजेंद्र नेगी, सुरेंद्र नेगी, विजय नेगी, शरत नेगी, शिवी भंडारी आदि ने सफलता पर बधाई देकर सम्मानित किया।