अपनी 'जनतंत्र यात्रा' के तहत नई टिहरी पहुंचे प्रख्यात समाजसेवी अन्ना हजारे ने यहां एक बार फिर कहा कि भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए प्रभावी पहल नहीं हुई तो वह पदमभूषण भी लौटा देंगे।
उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई जारी रहेगी।
जन लोकपाल बिल की मांग को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में संघर्ष कर सरकार को हिला देने वाले अन्ना को देखने के लिए यहां भीड़ उमड़ पड़ी।
अन्ना को सुनने के लिए बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचे। अन्ना ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए डेढ़ साल और देशभर में घूमूंगा।
उन्होंने कहा कि 121 करोड़ लोगों में से अगर छह करोड़ लोग भी संगठित हो गए तो फिर से रामलीला मैदान में आजादी की दूसरी लड़ाई शुरू की जाएगी।
इसके बाद गणतंत्र आएगा तो राजनीतिक दल बर्खास्त होगें, जिसमें कोई पक्ष-विपक्ष नहीं होगा, बल्कि जनता की सरकार बनेगी।
अन्ना ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने के लिए युवा शक्ति को जागना जरूरी है।
45 मिनट के भाषण में अन्ना ने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने और व्यवस्था बदलने के लिए जनता को प्रतिज्ञा करनी होगी कि आगे आने वाले चुनाव में गुंडे और भ्रष्ट नेताओं को वोट नहीं देंगे।