धनोल्टी विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन
थत्यूड़ (टिहरी)। धनोल्टी विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता यहां राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ के खेल मैदान में शुरू हो गई। प्रतियोगिता में शामिल 13 न्याय पंचायतों के बालिका और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के बीच हुई प्रतियोगिता की 60 मीटर दौड़ में अनीश रांगड़ और आरुषी प्रथम रहे। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप प्रमाणपत्र दिए गए।
जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय में जीआईसी थत्यूड़ में धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बालक वर्ग की अंडर- 14 आयु वर्ग के बीच 60 मीटर दौड़ से शुरू किया गया। इसमें न्याय पंचायत खेड़ा के अनीश रांगड़ प्रथम, म्याणी के अंशुल सिंह द्वितीय और द्वारगढ़ के अंश गुसाईं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में म्याणी की आरुषि प्रथम, खेड़ा की तानिया द्वितीय और द्वारगढ़ की आरुषी गुसाईं तृतीय स्थान पर रही। अंडर-14 में बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में खेड़ा की मोनिका प्रथम, मखड़ेत की प्राची द्वितीय, म्याणी की साक्षी तृतीय रही। बालक वर्ग में खेड़ा न्याय पंचायत के सागर प्रथम, भरवाकाटल के आयुष द्वितीय, स्यालसी के अमन भंडारी तृतीय रहे।
बालिका वर्ग की लंबी कूद में मखड़ेत की नीतिका प्रथम, द्वारगढ़ की आरुषी गुसाईं द्वितीय, म्याणी की राधिका तृतीय रही। बालक वर्ग में खेड़ा के अंशुल मल्ल प्रथम, कैंपटी के आर्यन द्वितीय और म्याणी के रॉबिन कंडारी तृतीय रहे। युवा कल्याण अधिकारी चतर लाल शाह, एवीडियो डीपी चमोली, ब्लॉक युवा कल्याण अधिकारी गजेंद्र बिष्ट, सुनील सजवान, प्रवीन रावत, दिनेश गुसाईं, कमल सिंह पुंडीर, संजय चौहान और नमिता रावत आदि मौजूद थे।