डाॅक्लाटर पर परवाही का लगाया आरोप, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने की मांग
मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को सजा दी जाए
घनसाली (टिहरी)। बच्चे को जन्म देने के बाद एक महिला की मौत होने से घनसाली क्षेत्र के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लचर स्वास्थ्य सेवाओें के विरोध में बाजार बंदकर स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में प्रदर्शन किया। प्रसव कराने में डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। पिलखी और बेलेश्वर अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
तितराणा नैलचामी निवासी यशपाल सिंह की पत्नी अनीशा रावत (21) का छह सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में प्रसव हुआ। जच्चा-बच्चा के स्वस्थ होने पर अगले दिन परिजन उन्हें घर ले गए। नाै सितंबर को अचानक घर पर अनीशा की तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव होने पर परिजन उसे पिलखी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।
बेस अस्पताल से महिला को इंद्रेश अस्पताल देहरादून रेफर किया गया। 15 सितंबर को महिला ने उपचार के दौरान देहरादून अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना पर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बाजार बंदकर पिलखी अस्पताल तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा लंबे समय से भिलंगना क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं की जा रही है। अस्पताल सिर्फ रेफर सेंटर बने हुए हैं। डॉक्टरों पर अनीशा के प्रसव कराने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार को 20 लाख का मुआवजा देने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. श्याम विजय प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि अनीशा की मौत नलियों में खून जमा होने से हुई है। अस्पताल में उसका सामान्य प्रसव होने के 48 घंटे बाद परिजन उन्हें घर लेकर गए थे। पूरे मामले की जांच की जा रही है और अगर इसमें किसी की भी लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों में जिला पंचायत सदस्य विक्रम घणाता, अनुज शाह, विजय लाल, व्यपार मंडल अध्यक्ष कैलाश बडोनी, यशवंत गुसाईं, दिनेश लाल, नित्यानंद कोठियाल, जसवीर सिंह नेगी, कुंवर सिंह रावत, रणवीर सिंह, सचिन सिंह, नरेंद्र रावत, आशू राणा, पवन राणा, सुनीता रावत, मीना देवी, गीता देवी, अंजली चौहान, नीलम सुरीरा आदि शामिल रहे।