लंबगांव (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड (लंबगांव) में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे सेवा शुरू करने, डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग को लेकर उक्रांद कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई बैठक में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर प्रतापनगर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा प्रतापनगर और चौंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है। चौंड अस्पताल में एक माह से एक्सरे मशीन खराब होने से सेवा बाधित चल रही है। प्रतापनगर ब्लॉक क्षेत्र में कही भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है जिससे लोगों को एक्सरे और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 85 किमी दूर जिला मुख्यालय नई टिहरी की ओर रुख करना पड़ रहा है। जल्द ही समस्याओं का समाधान न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। धरने पर उक्रांद के जिला अध्यक्ष रामदेव कालूडा,भजन सिंह कालूडा, मुकेश रावत , नत्था सिंह रावत, रणवीर रांगड बैठे रहे। संवाद