नौगांव (उत्तरकाशी)। क्षेत्र में बढ़ रहे स्मैक और चरस नशा के खिलाफ व्यापारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे पर अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने ठोस कार्रवाई नहीं होने पर महापंचायत बुलाकर आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने चौकी प्रभारी के माध्यम से एसपी को ज्ञापन प्रेषित किया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र के कुछ स्थानों पर स्मैक और चरस के नशेड़ी युवक एकत्र होकर नशा कर रहे हैं और बेच रहे हैं। नगर क्षेत्र में कई ऐसे युवाओं के नामों की सार्वजनिक चर्चाएं सामने आ रही है जो बाहरी क्षेत्रों से स्मैक खरीद कर बेच रहे हैं। नशेड़ी युवा कई बार रात को वाहनों से पेट्रोल की चोरी और घर के छतों पर टंगे कपड़ों पर हाथ साफ कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान चलाकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर व्यापार मंडल के महामंत्री सुमित रावत, जगदीप रावत, नितिन रमोला, सोबन रावत, बबीन रावत आदि मौजूद रहे। संवाद