छात्र-छात्राओं को साथ लाने होंगे शैक्षणिक प्रमाणपत्र
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम में बुधवार (आज) से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। प्रवेश के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। मेरिट के आधार पर बीए, बीएससी और बी. कॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश होगे। समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश पाने के लिए पंजीकृत छात्र-छात्राओं को काउंसिलिंग के दौरान हाईस्कूल और इंटर के प्रमाणपत्रों की फोटोकाॅफी महाविद्यालय में जमा करनी होगी।
राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पहली बार ऑन लाइन पंजीकरण की व्यवस्था लागू की गई है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डाॅ. डीपीएस भंडारी ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से 325 छात्र-छात्राओं के आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें 25 आवेदन अपूर्ण मिले हैं। बताया बीए प्रथम वर्ष के लिए 135, बीएससी में 140 और बी. काम में 26 आवेदन मिले है। प्रवेश के लिए मेरिट लिस्ट तैयार कर ली गई है।
बुधवार (आज) से प्रवेश के लिए सुबह 10 बजे से काउंसिलिंग शुरू होगी। संबंधित छात्र-छात्राओं को ई-मेल के माध्यम से सूचना प्रेषित कर दी गई है। नरेंद्रनगर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. राजेश कुमार उभान ने बताया कि 10 जुलाई तक महाविद्यालय में अवकाश है। 11 जुलाई से प्रवेश शुरू होंगे। बताया बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए 108 छात्र-छात्राओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। लंबगांव महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. विपिन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रवेश के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 63, बीएससी के लिए 25 आवेदन मिले है।