नई टिहरी। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त डीएम मयूर दीक्षित से मुलाकात कर उन्हें नगर क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी दी। नई टिहरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोटी कालोनी से नई टिहरी तक प्रस्तावित रोपवे का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की। कहा कि यदि चंबा-कोटी कालोनी मार्ग वन-वे हो जाए तो पर्यटक चंबा से कोटी जाएगा और टिहरी होते हुए आएगा।
पर्यटक बढ़ने से नई टिहरी और चंबा में व्यापार चलेगा। नगर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पार्किंग स्थलों का निर्माण और ईको पार्क का निर्माण करने की मांग की। डीएम ने समस्याओं पर विचार कर कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष ज्योति डोभाल,प्रदेश महामंत्री दिनेश डोभाल, प्रदेश मंत्री अब्दुल अतीक,कोषाध्यक्ष मनोज चमोली, जिला उपाध्यक्ष जयेंद्र पंवार, मंत्री अजय गुप्ता उपस्थित रहे।