केतन लाल प्रकरण : लंबगांव पुलिस थाने में दर्ज कराया गया था अभियोग
लंबगांव (टिहरी)। थाना क्षेत्र में चर्चित केतन लाल प्रकरण में पॉक्सो एक्ट में नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया है। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस प्रकरण में नबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
लंबगांव थाना क्षेत्र में देवल गांव निवासी केतन लाल और उसके साथ दिवाकर डिमरी को दूसरे गांव में एक नाबालिग के कमरे में पकड़ा गया था। इससे गुस्साए परिजनों ने उसकी पिटाई की जिससे गंभीर रूप से घायल केतन लाल की अस्पताल में मौत हो गई थी। घटना में शामिल दिवाकर डिमरी को भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मृतक केतन लाल के पिता की तहरीर पर मारपीट में शामिल नाबालिग का पिता और दादा सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर दिया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद नाबालिग की मां की ओर से 11 जुलाई को लंबगांव पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत कराया गया लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने पर गुस्साए क्षेत्र के लोगों ने 20 जुलाई को पुलिस थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। तब पुलिस ने 10 दिन का समय दिया था। सीओ चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि पॉक्सो एक्ट में पंजीकृत अभियोग के आधार पर आरोपी निवासी ग्राम देवल थाना लंबगांव को 28 जुलाई को चिन्यालीसौड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।