नई टिहरी। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर 36 दिन से चल रहा आंदोलन मंगलवार को और मुखर हो गया। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को खून से लिखे पोस्टकार्ड भेजकर नई टिहरी में जल्द मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग दोहराई।
बौराड़ी गणेश चौक पर चल रहे धरने के दौरान आंदोलनकारियों ने खून निकालकर पोस्टकार्ड पर मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग लिखी और मुख्यमंत्री को भेजे। आंदोलनकारियों ने कहा कि टिहरी के लोगों ने देश को बिजली देने के लिए अपने घर, खेत और शहर तक का बलिदान दिया है। इसके बावजूद टिहरी को मेडिकल कॉलेज की जरूरी स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाई है।
कहा गंभीर बीमारी और बेहतर इलाज के लिए लोगों को ऋषिकेश और देहरादून के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण टिहरी के लोगों की जरूरत और हक है। लंबे समय से मांग उठाए जाने और घोषणा के बावजूद इस दिशा में ठोस निर्णय न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। जब तक इस संबंध में ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, प्रदेश महामंत्री विजेय गुनसोला, देवेंद्र नौटियाल, टीकम सिंह चौहान, विजेय नेगी, आशा रावत, मनीष पंत, भगवान सिंह रावत, संदीप सिंह, अनिता देवी आदि मौजूद रहे।