नरेद्रनगर/नई टिहरी/ थत्यूड़। ओणी गांव के स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने केंद्र में किशोरियों, माताओं और नन्हे बच्चों से संवाद कर उनकी जरूरतें और समस्याओं की जानकारी और कई सुझाव भी प्राप्त किए।
नरेंद्रनगर क्षेत्र में ओणी गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और शुरूआती शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी भी हैं। सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने पर विचार कर रही है।
इस मौके पर डीपीआरओ संजय गौरव, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, प्रधान दीपक आदि मौजूद थे। उधर जाखणीधार ब्लॉक में ग्राम भटकंडा के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व प्रधान प्रदीप भट्ट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा, सहायिका विनीता और आशा वर्कर उर्मिला देवी को सम्मानित किया।
उधर जौनपुर ब्लॉक में सकलाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लामकाडें के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरिता रावत और प्रधान दिनेश रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया।