बरसात में ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर करना पड़ता है गदेरा पार
ग्रामीणों ने डीएम से की जल्द समस्या के निराकरण की मांग
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक में गेंवाली गांव के लिए वर्ष 2022 से पुल नहीं बन पाया है जिससे ग्रामीणों को बरसात में उफान पर आए गदेरे को जोखिम उठाकर पार करने को मजबूर होना पड़ता है। 30 मीटर लंबे पुल निर्माण में बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि अधर में लटके पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया जाता है तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गेंवाली गांव के लिए गेंवाली गाड पर 30 मीटर लंबा स्टील गार्डर पुल का निर्माण कार्य 2022 में शुरू किया गया था लेकिन अभी तक पुल का आधा काम भी नहीं हुआ है। गांव के पूर्व प्रधान बचन सिंह रावत ने बताया कि कार्यदायी संस्था रिवाइज इस्टीमेट के लिए जानबूझ कर काम धीमी गति से कर रही है।
पुल का कार्य तय समय पर पूरा नहीं होने के कारण कंपनी ने विभाग से वर्ष 2024 में रिवाइज इस्टीमेट भेजकर 1.48 करोड़ रुपये अतिरिक्त लिए हैं। बावजूद अभी तक पुल के कार्य में तेजी नहीं दिख रही है। रावत ने बताया कि बरसात में ग्रामीणों का गदेरा पार करना बहुत मुश्किल हो जाता है। लोगों को जान जोखिम में डालकर गदेरा पार करना पड़ता है। गेंवाली गदेरे में पुल का कार्य शुरू करने के दौरान ही कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाकर पुल जल्द बनाने की मांग की गई थी लेकिन चार साल बाद भी 30 मीटर लंबा पुल नहीं बन पाया है।
पुल निर्माण सामग्री साइट पर उपलब्ध है। ठेकेदार ने काम जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है। मौसम ठीक रहा तो पुल का अवशेष कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
-अविनाश कुमार सैनी, ईई, पीएमजीएसवाई नई टिहरी।