नई टिहरी। कांडीखाल में तैनात खुशियों की सवारी सेवा को हटाने पर क्षेत्र के लोगाें ने चक्का जाम लगा दिया। एक घंटे बाद सीएमओ के वाहन यथावत रखने के आश्वासन पर ग्रामीण माने और जाम खोल दिया।
चंबा-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कांडीखाल क्षेत्र के 30 से अधिक गांवों का केंद्र है। सरकार की ओर से आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए खुशियों की सवारी तैनात की गई थी, जिसका क्षेत्र की जनता को काफी राहत मिल रही है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के कांडीखाल से सेवा हटाने के निर्णय पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने वाहन को यथावत रखने की मांग को लेकर सुबह नौ बजे जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि आपातकालीन सेवा हटाकर क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है। एक घंटे बाद सीएमओ डा. अर्जुन सिंह सेंगर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा सीजन के लिए लगाई गई थी। अब आगे चलाने के लिए शासन स्तर से ही निर्णय होना है। इसके लिए शासन से वार्ता की जाएगी। इस पर ग्रामीण मान गए और जाम खोल दिया। जाम लगाने वालों में कृष्ण स्वरूप डबराल, बुद्धि सिंह रावत, रोशन सिंह पंवार, दलेब सिंह रणावत, सुमति डबराल, आनंद मखलोगा, गोविंद नेगी, प्रभुलाल डोभाल और चतर सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।