लंबगांव (टिहरी)। पर्वतीय क्षेत्र में देवी-देवताओं के मंदिर में चेारी की वारदाताएं बढ़ती जा रही है। राजस्व और रेगुलर पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। बुधवार को प्रतापनगर के विनियाली देवी मंदिर से चोर सोने की नथ और चांदी का मुकुट तथा छत्र उड़ा ले गए थे। मामले का अब तक खुलासा भी नहीं हो पाया है कि बृृहस्पतिवार को चोर मेहर देवता और रथी देवी के मंदिर से नौ घंटियों पर हाथ साफ करने में कामयाब रहे।
पिपलोगी स्थित मेहर देवता मंदिर से बुधवार रात को चोर आठ घंटियां और नौघर के रथी देवता मंदिर से एक घंटी उड़ा ले गए। बृहस्पतिवार को गांव के लोग जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो वहां घंटियां गायब मिली। मंदिरों में लगातार बढ़ती चोरी की वारदात से लोगों में दहशत है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चोराें की गिरफ्तारी न होने से चोर बेखौफ है। व्यापार सभा अध्यक्ष गैणा सिंह बगियाल का कहना है कि यदि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो दुकानों में भी चोरी बढ़ती जाएगी। बाहरी लोगों का राजस्व व रेगुलर पुलिस को अनिवार्य रूप से सत्यापन कराना चाहिए।
विनियाली देवी मंदिर में हुई चोरी की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यक्तियों पर लोगों को नजर रखनी चाहिए। ऐसे लोगों की सूचना प्रशासन को उपलब्ध करानी चाहिए।
-मनोहर लाल अंजवाल राजस्व निरीक्षक कंडियालगांव