नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर लक्ष्मी राज चौहान ने चुनाव के मद्देनजर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और निगरानी दलों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तीन जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि एक निगरानी दल गठित किया गया है।
दल विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग करेगा और अवैध तरीके से ले जाए जा रहे धन, शराब, प्रचार सामग्री की जांच पड़ताल करेगा। उन्होंने कहा कि बीडीओ के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में संचालित चुनावी गतिविधियों के रिकॉर्ड के लिए वीडियोग्राफी सर्विलांस टीम बनाई गई है।
सभी को आदर्श चुनाव आचार संहिता से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई। तैनात मजिस्ट्रेटों से 24 घंटे में सरकारी संपत्तियों, भवनों पर की गई वॉल पेंटिंग, चस्पा बैनर, पोस्टर, होर्डिंस हटाने और 72 घंटे में निजी संपत्तियों, भवनों पर से प्रचार सामग्री हटाने को कहा गया है।
साथ ही संबंधित विभागों को विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों व उनके संपर्क मार्गों पर सभी जरूरी सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए। बैठक में नरेंद्रनगर तहसीलदार विजयपाल सिंह तोपवाल, गजा तहसीलदार मंजू राजपूत, नायब तहसीलदार गजा गंभीर सिंह आदि मौजूद थे।