सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत टिहरी पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जागरुकता अभियान चलाते हुए 48 हजार वाहनों के चालान काटे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने जनवरी माह से अब तक यातायात के नियमों का उलंघ्घन करने पर 48 हजार वाहनों का चालान कर 57 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। उन्होंने कहा कि जागरुकता के साथ ही चेकिंग अभियान भी जारी रखा जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने जनवरी माह से सघन चैकिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही नवंबर माह में हर थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत रैली निकालकर और गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात का उलंघ्घन करने पर कड़ी नजर रखी है, जिससे इन ग्यारह माह में ही पुलिस ने जिले भर में 48,574 वाहनों के चालान किए हैं। सबसे अधिक बगैर हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 12,135 लोगों के चालान किए गए, जबकि ओवर स्पीड में चलने पर 1,332 चालान, ओवर लोडिंग के 905 और नशे में ड्राइविंग करने वाले 121 चालकों का चालान किया गया। एसएसपी एनएस नपलच्याल ने बताया कि चेकिंग के दौरान 57,38,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने वाहन चालकों से भी यातायात के नियमों का पालन कर सहयोग करने की अपील की है।