नई टिहरी। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में 216 सहायक शिक्षकों पदों पर नियुक्ति के लिए सोमवार को काउंसलिंग प्रक्रिया संपन्न हो गई। आवेदन पत्रों की जांच के बाद शिक्षा विभाग ने 3120 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए योग्य पाया था लेकिन निर्धारित तिथि को केवल 441 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए।
काउंसलिंग में अपेक्षा से कम उपस्थिति का प्रमुख कारण प्रदेश के अन्य जिलों में भी आज ही सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्ति के लिए काउंसलिंग की तिथि निर्धारित होना बताया जा रहा है। इसके चलते कई अभ्यर्थी अन्य जिलों की काउंसलिंग में शामिल होने चले गए। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) नरेश कुमार हल्दियानी ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक व प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों सहित सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। विभाग की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। संवाद