नई टिहरी। जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत करीब 37 हजार लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। स्क्रीनिंग शिविरों में एक्सरे समेत आवश्यक जांच की जा रही है। शेष लक्ष्य को जल्द पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान जारी है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तय समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित शिविरों के बाद जरूरत के अनुसार दोबारा स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएं। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल ने बताया कि पिछली बैठक में जिन स्थानों पर टीबी स्क्रीनिंग शिविर लगाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके शर्मा, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र, जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव आदि मौजूद रहे।