नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हमारा गांव-हमारा जल प्रबंधन-हमारा गर्व कार्यक्रम के तहत बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जल धाराओं का पुनर्जीवन और दीर्घकालिक जल उपलब्धता सुनिश्चित करना है। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस मिशन को गंभीरता से लेते हुए धरातल पर सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने बताया कि टिहरी जिले के 325 गांवों को आदर्श सुजल और स्वच्छ गांव के रूप में विकसित किया जाना है। पहले चरण में 85 गांवों में कार्य शुरू होगा, जिसमें मनरेगा और स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (सारा) की सहायता ली जाएगी। पहल के तहत ग्रामीण समुदाय के लोगों को जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सशक्त बनाना और सकारात्मक परिवर्तन लाना प्राथमिकता होगी।
देव ऋषि एजुकेशनल सोसाइटी देहरादून के राय कुलराज ने बताया कि सोसाइटी तकनीकी और वैज्ञानिक विधियों का उपयोग करते हुए जल स्रोतों का अध्ययन और सर्वेक्षण करेगी। इसके बाद कार्य को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों की मॉनिटरिंग की जाएगी और इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में भिलंगना ब्लॉक के ग्राम देवट की विस्तृत पर्यावरण संरक्षण रिपोर्ट को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। डीएम ने सारा से समन्वय कर डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भेजने और कार्यों के दौरान नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, ईई पेयजल निगम चंबा केएन सेमवाल, हरीश जोशी आदि मौजूद रहे।