जिलेभर में जल संचय एवं प्राकृतिक चाल-खाल संवर्द्धन अभियान शुरू हो गया है। बुडोगी गांव के चवालखेत में डीएम ने जल संचय कार्यक्रम का शुभारंभ कर अधिकारियों को जन सहभागिता से जल संवर्द्धन व संरक्षण के कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
शनिवार को डीएम सोनिका, सीडीओ आशीष भटगाई से लेकर अधिकारियों और ग्रामीणों ने प्राकृतिक चहल के आसपास सफाई कर कुदाल, गैंती और फावड़े से खुदाई और उगी झाड़ियां हटाई। प्रधान त्रेपन सिंह चौहान ने बताया कि चहल में हमेशा पानी रहता था, लेकिन सड़क बनने के बाद वह सूख गई है।
जल निगम के अपर सहायक अभियंता भीम निराला ने जल संचय अभियान की जानकारी दी। इस मौके पर जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल, पूर्व प्रधान केंद्र सिंह चौहान, अजवीर चौहान, कुशवीर चौहान, मनोहर चौहान, अनूप चौहान, रामाशीष यादव, मनमोहन रावत, तपेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।