डीएम सोनिका ने चारधाम यात्रा को देखते हुए चंबा से कंडीसौड़ तक ऑल वेदर परियोजना कार्यों का जायजा लिया। सड़क पर जगह-जगह मलबा पसरा होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दो दिन में मलबा साफ करने के लिए बीआरओ को नोटिस जारी किया। धरवालगांव, स्यांसू की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन का शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चंबा से लेकर कंडीसौड़ तक ऑल वेदर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। डंपिंग जोन के बजाय मलबा सड़क पर पड़े होने पर डीएम ने रोष जताया। बीआरओ को चिह्नित स्थानों पर ही मलबा डालने को कहा। डीएम के निर्देश पर एसडीएम रविंद्र जुवांठा ने बीआरओ को दो दिन के अंतर्गत चंबा से लेकर कंडीसौड़ तक सड़क पर डंप मलबा साफ करने का नोटिस जारी किया है।
तय समय में मलबा साफ न होने की स्थिति में चालान की कार्रवाई अमल में लाने की हिदायत दी है। स्थानीय लोगों ने डीएम ने रिखेणीखाला नाले में मलबा डंप करने की मांग की है। धरासू, स्यांसू गांव के लोगों ने डीएम को बताया कि सड़क कटिंग के दौरान बार-बार उनकी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे गांव में पानी का संकट बना हुआ है।
डीएम ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को शीघ्र जोड़कर नियमित रूप से पानी की आपूर्ति करने को कहा। सड़क पर धूल-मिट्टी न उड़े इसके लिए टैंकर से पानी का छिड़काव करने को कहा। इस मौके पर ललित खंडूड़ी, बासुदेव खंडूड़ी, सुमेर सिंह पंवार, जोत सिंह पुरुसोड़ा व बुद्धि सिंह बिष्ट उपस्थित रहे।