घनसाली (टिहरी)। भिलंगना के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन माह से रसोई गैस का संकट बना हुआ है। उपभोक्ता कई बार एजेंसी प्रबंधक और प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन गैस आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है।
क्षेत्र के भिंलग, ग्याहरागांव, हिंदाव, नैलचामी, केमर, बासर, आरगढ़, गोनगढ़, बूढाकेदार, कोटी फैगुल, ढुंगमंदार पट्टियों के उपभोक्ताओं को रसोई गैस की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। तीन माह से नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस नहीं पहुंच रही है। साथ ही 35 से 40 किमी का सफर तय कर गैस एजेंसी घनसाली पहुंच रहे उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद भी बिना सिलिंडर के लौटना पड़ रहा है। गैस एजेंसी से करीब 13 हजार पांच सौ उपभोक्ता जुड़े हैं। प्रत्येक माह सात हजार गैस सिलिंडरों की आवश्यकता होती है, लेकिन मांग के अनुरूप प्लांट से सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस का संकट बना हुआ है। उपभोक्ता नित्यानंद कोठियाल, मित्रानंद नैथानी, जमुना प्रसाद, भजन सिंह, यशवंत सिंह आदि का कहना है कि नियमित गैस आपूर्ति न होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। गैस एजेंसी प्रबंधक आरएस बिष्ट का कहना है कि प्लांट से मांग के अनुरूप सप्लाई नहीं मिल रही है, जबकि प्रत्येक दिन डिमांड भेजी जा रही है। पैसा भी कंपनी के पास जमा है। बावजूद इसके पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है।