नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऑल वेदर सड़क निर्माण से हिंडोलाखाल, ग्रामसभा सोनी,सरोली और बगरधार की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। जल्द ही पानी की आपूर्ति न होने पर क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ उग्र अंादोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर ऑल वेदर परियोजना का निर्माण चल रहा है। नरेंद्र नगर और आगराखाल के बीच स्थित हिंडोलाखाल, ग्रामसभा सोनी, सरोली और बगरधार में पानी की आपूर्ति पिछले कई दिनों ने पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है क्योंकि निर्माण कार्य के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। समस्या समाधान की मांग को लेकर शनिवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जल संस्थान के सहायक और अवर अभियंता से मिलने गया था, लेकिन विभागीय अधिकारियों के कार्यालय में उपस्थित न होने पर लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। कहा जल्द पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। वीरेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि पानी की आपूर्ति न होने पर जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार शिकायत दर्ज की जा चुुकी है लेकिन वे समस्या समाधान करने में रुचि नहीं ले रहे है। शिष्टमंडल में शूरवीर सिंह पुंडीर, सोहन लाल, मदन सिंह, पूर्ण सिंह शामिल रहे।
जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद चमोली ने बताया कि ऑल वेदर रोड निर्माण से बार-बार पानी की लाइन क्षग्रिस्त हो रही है। कुछ स्थानों पर तीन-तीन बार लाइन मलबे और पत्थरों के कारण टूट गई है। जिस पर मरम्मत कार्य चल रहा है। लाइन पूरी तरह से ठीक करने में एक-दो दिन का समय लगेगा।