घनसाली (टिहरी)। डाक विभाग की लापरवाही के कारण तीन युवाओं का शिक्षकों के पदों के लिए आवेदन जमा नहीं हो पाया। आवेदकों ने अब कोर्ट में जाने की चेतावनी दी है।
भिलंगना ब्लॉक में पिलखी निवासी कुशपाल सिंह, डांग निवासी विकास शाह और दोणी निवासी दीक्षिका शाह ने बताया कि जिले में प्राथमिक शिक्षकों के 115 पदों पर आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 मार्च थी। आवेदन फार्म भरने के बाद तीनों लोगों ने 16 मार्च को घनसाली पोस्ट ऑफिस से जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय नई टिहरी के लिए स्पीड पोस्ट भेजी थी, लेकिन डाक विभाग की स्पीड पोस्ट शिक्षा विभाग को 29 मार्च को मिली। तब विभाग ने अंतिम तिथि के दो दिन बाद फार्म मिलने पर उनका आवेदन लौटा दिया। आवेदकों ने कहा कि डाक विभाग की लापरवाही से उनके फार्म जमा नहीं हो पाए हैं। इस बाबत पोस्ट मास्टर घनसाली अजय रावत का कहना है कि डाक 17 मार्च को भेज दिए गए थे। आगे कहां देरी हुई इसकी जानकारी नहीं है।