नई टिहरी। लोकसभा चुनाव के लिए आधी आबादी भी मतदान करने की तैयारी में है। चुनाव में भले ही किसी पार्टी ने उन्हें ज्यादा तबज्जो नहीं दी है, लेकिन लोकतंत्र की मजबूती के लिए वह हमेशा आगे रही हैं। इस लोकसभा चुनाव से उन्हें कई उम्मीदें हैं। वह कहती हैं कि बढ़ती महंगाई में हर हाथ को काम मिले। महिलाओं को सुरक्षा मिले। आधी आबादी का कहना है कि युवाओं के लिए रोजगार के साधन बढ़ाने की जरूरत है।
महंगाई और बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है। युवाओं को रोजगार के लिए शहरों की खाक छाननी पड़ रही है, जिससे गांव भी खाली हो रहे हैं। समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाना चाहिए। महंगाई पर नियंत्रण करने के साथ रोजगार के साधन बढ़ाने की उम्मीद में हम मतदान करेंगे।
- रोशनी थलवाल, गृहणी नई टिहरी।
मतदान से हम जिस प्रत्याशी का चयन कर रहे हैं, उसे भी जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। वह स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का निराकरण करे। महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी मिले। बेरोजगारी भी बड़ी समस्या है। लोगों को अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा मिले।
-पूजा रतूड़ी, गृहणी नई टिहरी।
देश के सभी नागरिकों को मतदान करना चाहिए। वोट देते समय यह ध्यान देने की जरूरत है, कि जिसे हम चुनकर भेज रहे हैं। हमारी जो भी समस्याएं है, उनका प्राथमिकता से निस्तारण किया जाना चाहिए। चुनाव के समय जो वादे किए जाते हैं, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए।
-गीता रावत, कर्मचारी नई टिहरी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अभी बहुत काम करने की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर टिहरी बांध प्रभावितों की समस्याओं का निस्तारण किया जाना चाहिए। सभी महिला-पुरुषों को मतदान करने के लिए आगे आना चाहिए।
- सगुप्ता परवीन, सेवानिवृत्त शिक्षिका नई टिहरी।