नई टिहरी। लोकतंत्र के इस महापर्व में युवा वर्ग मतदान करने के लिए खासा उत्सुक हैं। युवाओं का कहना है कि मतदान करने से लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होंगी और देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा। देश में हो रहे 17वीं लोकसभा के चुनाव में युवाओं की भी अहम भूमिका होगी। राज्य में 11 अप्रैल को हो रहे पहले चरण के मतदान के लिए युवा वर्ग देश के सुनहरे भविष्य के लिए मतदान करने को तैयार है। इस चुनाव से युवा वर्ग को क्या उम्मीद है यह जानने के लिए लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं से बातचीत की गई, तो उन्होंने इस तरह अपनी राय व्यक्त की है।
मतदान करने से लोकतंत्र मजबूत होगा और देश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। मैं इस उम्मीद के साथ मतदान करूंगी कि युवाओं को रोजगार मिलेगा और देश में आरक्षण व्यवस्था समाप्त होगी। जिससे देश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
- रजनी मेहरा, बीकॉम पीजी कालेज नई टिहरी।
देश में बढ़ रही गरीबी को दूर करने के लिए मैं मतदान करूंगा। समाज के हर वर्ग को उच्च शिक्षा मिले और पलायन रोकने के लिए गांवों का सुनियोजित ढंग से विकास हो। देश की सुरक्षा में सीमाओं पर तैनात सेना को सुरक्षा मिलेगी।
- आशीष काला, बीएससी,पीजी कालेज नई टिहरी।
मुझे उम्मीद है कि मतदान करने से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की मुहिम को बढ़ावा मिलेगा। देश में बढ़ रही महंगाई से गरीबों को राहत मिलेगी। देश की सुरक्षा मजबूत होगी और सभी देश वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
- पंकज बिजल्वाण, बीएससी पीजी कालेज नई टिहरी।
वोट देना हमारा अधिकार है, लेकिन इस बात का दुख है कि नेता जीतने के बाद जनता के बीच नहीं आते हैं। चुनाव के समय किए गए वादे पूरे नहीं किए जाते हैं। मैं स्थानीय स्तर पर पर्यटन विकास, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए मतदान करूंगी।
- नीदा, एमएससी पीजी कालेज नई टिहरी।