नई टिहरी। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के मंत्र दिए गए। कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाकर पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाएं।
नगर के एक होटल में आयोजित सम्मेलन में पहुंचे एससी विभाग के प्रदेश प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा कि चौकीदार मामले पर भाजपा की बौखलाहट साफ देखी जा रही है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सिर्फ चौकीदार चोर की बात कही, लेकिन भाजपा के सभी मंत्रियों ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट में चौकीदार अपने नाम के आगे लगा दिया। इसका मतलब साफ है कि भाजपा खुद ही चौकीदार के चोर होना स्वीकार कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए करती है। प्रतापनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ पर मजबूती के साथ खड़ा होकर पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट करवाएं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सूरज राणा, पालिकाध्यक्ष सीमा कृषाली, धनी लाल शाह, शांति शाह, नरेंद्र चंद रमोला, विजय गुनसोला, संपत लाल शाह, खुशी लाल, साब सिंह सजवाण, राजेंद्र डोभाल, मुर्शरफ अली, राकेश राणा, देवेंद्र नौडियाल आदि मौजूद थे।