घनसाली (टिहरी)। घनसाली-केदारनाथ मोटर मार्ग के किनारे इन दिनों रेत और पत्थरों का अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। जखन्याली नौताड़ के समीप खनन कारोबारी रेत और पत्थर निकालकर मूलगढ़-ठेला-थार्ती मोटर मार्ग निर्माण के डामरीकरण में इसका उपयोग कर रहे हैं। लगातार हो रहे अवैध खनन से केदारनाथ और जखन्याली-सेमल्थ मोटर मार्ग पर भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। लोगों का आरोप है कि लोनिवि के अधिकारी ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए रेत और पत्थरों का खनन करवा रहे हैं।
लोनिवि इन दिनों मूलगढ़-ठेला-थार्ती मोटर मार्ग पर डामरीकरण करवा रहा है। छह किमी लंबे मोटर मार्ग पर एक करोड़ 92 लाख की लागत से डामरीकरण और नाली निर्माण हो रहा है। सड़क डामरीकरण और नाली निर्माण में उपयोग में आने वाली रेत और पत्थरों का खनन वहीं निकटवर्ती जखन्याली नौताड़ में केदारनाथ मार्ग के किनारे से किया जा रहा है। खनन कारोबारियों ने जखन्याली से सेमल्थ जाने वाली सड़क के नीचे और केदारनाथ मोटर मार्ग के ऊपरी भाग में कई मीटर खुदाई कर वहां से पत्थर और रेत निकाल रहे हैं, जो बारिश के दिनों में सेमल्थ और केदारनाथ सड़क के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
स्थानीय निवासी राम दयाल सिंह, कृष्ण स्वरूप, भगवती प्रसाद का कहना है कि सड़क किनारे खनन होने की शिकायत लोनिवि के अधिकारियों से की गई, लेकिन वे समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोनिवि के ईई नवीन लाल वर्मा का कहना है कि सड़क पर खनन होने की जानकारी संज्ञान में नहीं है। यदि ठेकेदार ऐसा कर रहा, तो मौके का निरीक्षण कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।