कंडीसौड़ (टिहरी)। शिव मंदिर में हुई चोरी का 15 दिन बाद भी खुलासा न होने पर मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। राजस्व पुलिस की लचर कार्य प्रणाली से नाराज लोगों ने डीएम से चोरी का खुलासा करने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपने की मांग की है।
तीन मार्च को चोर कंडीसौड़ स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी उड़ा ले गए थे। मामले में मंदिर समिति के अध्यक्ष पुलम सिंह गुसाईं ने कंडीसौड़ राजस्व पुलिस चौकी में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में उन्होंने कहा था कि दानपात्र में 10 से 15 हजार की नकदी थी। 15 दिन बाद भी चोरी का खुलासा न होने पर प्रधान गंभीर सिंह गुसाईं व समिति के अध्यक्ष पुलम सिंह ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। पटवारी चंद्रमोहन नगवाण का कहना है कि जांच चल रही है। चौकी में तैनात होमगार्ड चुनाव ड्यूटी में होने के कारण चोरी का वर्क आउट करने में विलंब हो रहा है। ब्यूरो