कंडीसौड़ (टिहरी)। एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन करने पर वन विभाग ने ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर चंबा से कंडीसौड़ के बीच चल रहे ऑल वेदर परियोजना का निर्माण कार्य बंद करवा दिया है। वन विभाग की ओर से बीआरओ को नोटिस जारी किया गया है। ऑल वेदर सड़क का निर्माण कर रही एबीसीआई और धर्मराज कंपनी का चालान किया गया है। वन विभाग ने बीआरओ को सड़क कटिंग करने से पहले मलबा रोकने के लिए सड़क किनारे क्रेटवाल (सुरक्षा) दीवार निर्माण करने को कहा है, क्योंकि सड़क कटिंग के दौरान मलबा गदेरों और टिहरी झील किनारे गिर रहा है, जो भविष्य में खतरे का बड़ा कारण भी बन सकता है।
ऑल वेदर परियोजना के तहत इन दिनों ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर चंबा से लेकर कंडीसौड़ के बीच सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। रामगढ़, कमांद, रत्नोगाड़ और ढिक्यारा में सड़क का मलबा सीधे गदेरों से होते हुए टिहरी झील किनारे पहुंच रहा है। वन विभाग ने इसे एनजीटी के नियमों का उल्लंघन मानते हुए रामगढ़, कमांद, रत्नोगाड़ और ढिक्यारा में दो दिन पहले ऑल वेदर परियोजना का कार्य बंद करवा दिया है। ऑल वेदर परियोजना निर्माण कर रही एबीसीआई और धर्मराज कंपनी का चालान काटा है। वन रेंज अधिकारी आशीष डिमरी ने ऑल वेदर परियोजना का निर्माण बंद कराने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वन और सिविल सोयम की भूमि को ऑल वेदर परियोजना के मलबे से अब तक हुए नुकसान की एबीसीआई और धर्मराज कंपनी को भुगतान करना होगा। कितने का नुकसान हुआ है इसका जल्द ही मेजरमेंट किया जाएगा। उसके बाद चालान की धनराशि वसूली जाएगी। बीआरओ को नोटिस जारी कर कहा गया है कि मलबा रोकने के लिए पहले सड़क किनारे क्रेटवाल का निर्माण करें, तभी आगे कार्य करने दिया जाएगा।
कोट--------------
वन विभाग से सड़क किनारे सुरक्षा दीवार लगाने का नोटिस मिलने पर कुछ स्थानों पर ऑल वेदर परियोजना का काम बंद किया गया है। ठेकेदार को दो दिन में क्रेटवाल लगाने को कहा गया है।
-एसके दास, जेई, बीआरओ कंडीसौड़