नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि से प्री पीएचडी करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को प्रवेश परीक्षा के लिए अभी जून तक इंतजार करना होगा। विवि ने प्री पीएचडी के लिए आडिनेंस तो तय कर लिए है लेकिन अभी सीटों की संख्या और विषयों का निर्धारण नहीं हो पाया है। इसके लिए विवि प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों से गाइड के लिए योग्य शिक्षकों की सूची मांगी गई है।
श्रीदेव सुमन विवि नए सत्र से पहली बार प्री पीएचडी शुरू करने जा रहा है। प्रवेश परीक्षा के लिए विवि ने गोपेश्वर कैंपस के अलावा पीजी कॉलेज नई टिहरी, उत्तरकाशी, कोटद्वार, अगस्त्यमुनि, डाकपत्थर को केंद्र बनाया है। विवि ने सेंट्रल हिमालयन एनवायरमेंट एसोसिएशन से एमओयू भी किया है। शोध कार्यों के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय से विवि को बजट मिलेगा। विवि के कुलपति डा.यूएस रावत ने बताया कि प्री पीएचडी प्रवेश परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकता है जिसके स्नातकोत्तर में 55 प्रतिशत अंक होगे।
70 अंक रिर्टन और 30 अंक मौखिक परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए है। कुलपति डा.रावत ने बताया कि मई माह तक विवि की रेगुलर परीक्षाएं होनी है। उसके बाद जून में प्री पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑन लाइन आवेदन मांगे जाएंगे। उन्होंने बताया कि विवि में संचालित होने वाले सभी पाठ्यक्रमों में प्री पीएचडी नहीं होगी। जिन विषयों के योग्य शिक्षक होंगे उन्हीं में प्री पीएचडी कराई जाएगी। शिक्षकों की सूची महाविद्यालयों से मांगी गई है। सूची मिलने के उपरांत ही विषयवार सीटों की संख्या का निर्धारण किया जाएगा।