नई टिहरी। जाखणीधार क्षेत्र में वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ने से कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल होने से मरीज डिस्पेंसरी की दवाइयों पर निर्भर हैं। समय पर सही इलाज नहीं मिलने से कोटी गांव में बुखार पीड़ित एक युवक की मौत हो गई।
जाखणीधार क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। पेटव में स्थापित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक फार्मेसिस्ट के भरोसे चल रहा है। अस्पताल में एक साल से चिकित्सक नहीं है। क्षेत्र में हफ्ते भर से बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर उपचार की कोई सुविधा नहीं होने से मरीज डिस्पेंसरी से दवा लेने को मजबूर हैं। उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। बुखार से पीड़ित दिनेश सिंह (42) पुत्र मदन सिंह निवासी कोटी की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। कोटी खास के प्रधान शूरवीर सिंह सजवाण, वीरेंद्र पंवार, पेटव के प्रधान किशोरी लाल और कुम्हारधार के प्रधान गजेंद्र सेनवाल ने बताया कि गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने क्षेत्र में चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की है। सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी ने कहा कि क्षेत्र में कई लोग वायरल की चपेट में है, तो वहां जल्द ही चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी।