घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव के लिए मोटर मार्ग बनाए जाने की मांग को लेकर खराब मौसम के बीच ग्राम प्रधान सहित 15 लोग शनिवार को छठवें दिन भी अनशन पर डटे रहे। उन्होंने कहा जब तक विनकखाल-जखाणा-गेंवाली मोटर मार्ग के लिए निविदा और निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती वे आंदोलन जारी रखेंगे। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ नारेबाजी की।
भिलंगना क्षेत्र के गेंवाली गांव के लिए वर्ष 2016 में छह किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी, लेकिन सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पाया। ग्रामीण विभिन्न मंचों पर सड़क निर्माण की मांग उठाते रहे, लेकिन शासन-प्रशासन के स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। मांग के समर्थन में 25 फरवरी से प्रधान बचन सिंह रावत, रजमा देवी, सुभद्रा देवी, जयत्री देवी, पदमा देवी, कुंवर सिंह, सुंदर सिंह, सोहन सिंह, महेंद्र सिंह, मातबर सिंह, शेर सिंह, माखन सिंह, विजेंद्र सिंह, शेर सिंह रावत, सोहनलाल गेंवाली में भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। शनिवार को इनके समर्थन में गांव के जेठू सिंह, भगवान सिंह, बचन सिंह राणा और रतन सिंह ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। दो दिन पूर्व एसडीएम पीआर चौहान और वन क्षेत्राधिकारी धरना स्थल पर गए थे, लेकिन उनकी आंदोलनकारियों से वार्ता विफल रही। ग्रामीणों का कहना कि जब तक मोटर मार्ग के लिए निविदा जारी नहीं की जाती है, वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।