नई टिहरी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित समीक्षा अधिकारी सचिवालय प्रशासन की परीक्षा में टिहरी के युवक ने उत्तराखंड में टॉप कर पहला स्थान हासिल किया है।
लोक सेवा आयोग की ओर से 30 जनवरी को समीक्षा अधिकारी की परीक्षा वर्ष 2019 का परिणाम घोषित किया था, जिसमें टिहरी जिले के भिलंगना ब्लाक के चौंरा गांव निवासी प्रमोद राणा पुत्र उदय सिंह राणा ने पहला स्थान हासिल किया है। प्रमोद के पिता टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। प्रमोद राणा वर्तमान में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में राजस्व उप निरीक्षक है। उन्होंने समीक्षा अधिकारी की परीक्षा के पहले ही प्रयास में 75 फीसदी अंक प्राप्त कर सफलता पाई है। प्रमोद की सफलता पर परिजनों से लेकर जिला सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों ने खुशी जताई है।