चंबा (टिहरी)। अब गढ़वाली फिल्म मेजर निराला को नगर में भी देखा जा सकेगा। इसके लिए नगर के एक निजी होटल में फिल्म का विधिवत शुभारंभ किया गया है। शुक्रवार को हरिद्वार सांसद व पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक के उपन्यास पर आधारित गढ़वाली फिल्म मेजर निराला का शुभारंभ समाजसेवी सुशील बहुगुणा ने किया।
फिल्म में मेजर निराला के परिवार की पीड़ा बताते हुए हर उस उत्तराखंडवासी के दर्द को बयां किया गया है, जिनका बेटा सेना में है। यह फिल्म न सिर्फ युवाओं में देशप्रेम की भावना जगाती है, बल्कि उन्हें अपने परिवार के साथ भी जोड़ती है। साथ ही गढ़वाली संस्कृति और पलायन की समस्या को भी फिल्म में प्रमुखता से उठाया गया है। प्रसिद्ध गायक कैलाश खैर ने पहली बार गढ़वाली में गाना गाकर फिल्म को और खास बनाया है। फिल्म में मुख्य कलाकार राजेश मालगुड़ी, अभिनेत्री निकिता बटोला, रेखा बधानी, अंकित कंडियाल ने भी शानदार किरदार निभाया है। साथ ही हेमंत पांडे और हिमानी शिवपुरी भी फिल्म में नजर आएंगे। इस मौके पर सभासद विक्रम चौहान, पदम गुसाईं, राजेंद्र सिंह नेगी, विनोद डोभाल आदि मौजूद थे।