कंडीसौड़ (टिहरी)। टिहरी बांध प्रभावित रमोलागांव और खांड के ग्रामीणों ने पुनर्वास निदेशालय के अधिकारियों पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। लिखित आश्वासन देने के तीन माह बाद भी समस्या समाधान न होने पर ग्रामीणों ने 21 फरवरी से चंबा-उत्तरकाशी मार्ग पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान शीरा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि टिहरी बांध से प्रभावित डंयूणी नामे तोक में वंचित परिवारों की पात्रता निर्धारण करने, भूमिहीन परिवारों का भी पुनर्वास करने, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने और आरएल 835 मीटर का सीमांकन कर उससे ऊपर की भूमि को प्रभावित न करने, झील में डूब चुके पैतृक भैरवनाथ के मंदिर का पुनर्निर्माण, गांव के लिए मुख्य मार्ग से सड़क बनाने की मांग लंबे समय से करते आ रहे है। उक्त मांगों को लेकर पूर्व में जब आंदोलन चल रहा था, तो 18 अक्तूबर को पुनर्वास विभाग के अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर 20 दिसंबर तक सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। तय समय सीमा बीतने के बाद भी एक भी समस्या का समाधन नहीं हो पाया है। 21 फरवरी से उन्होंने मांग के समर्थन में फिर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य जौमाला देवी, बलदेव कुमाईं, पूर्ण दास, मोहन लाल, उम्मेद लाल, प्रेम लाल, सुमेर सिंह, चंदन सिंह, सुंदर सिंह, देलबू आदि उपस्थित रहे।